Today Hind Times

post

पटना एम्स के प्रशासनिक अधिकारी पर महिला कर्मी और नाबालिग बेटी से दुर्व्यवहार का आरोप, गिरफ्तारी

पटना (टीएचटी)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना के एक कनीय प्रशासनिक अधिकारी को महिला कर्मी और उसकी नाबालिग पुत्री के साथ कथित छेड़छाड़ एवं मानसिक उत्पीड़न के मामले में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान अश्विनी कुमार सिंह के रूप में हुई है। फुलवारी शरीफ थाना पुलिस ने एम्स प्रशासन की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया।
 
पीड़ित महिला के अनुसार, करीब दो वर्ष पहले उनकी सर्जरी के दौरान आरोपी अधिकारी से परिचय हुआ था। आरोप है कि इसके बाद अधिकारी लगातार उनके संपर्क में रहा और समय-समय पर महिला तथा उनकी नाबालिग बेटी के साथ अनुचित व्यवहार करता रहा। विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी दिए जाने और मानसिक दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
 
महिला ने लंबे समय तक सामाजिक बदनामी और भय के कारण शिकायत नहीं की। बाद में 21 फरवरी 2026 को उन्होंने एम्स के संबंधित अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर पूरी घटना की जानकारी दी। शिकायत मिलने के बाद संस्थान ने मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया।
 
समिति ने मामले की जांच के दौरान व्हाट्सएप चैट, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा की। जांच रिपोर्ट में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को प्रथम दृष्टया सही पाया गया। इसके बाद एम्स प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के साथ फुलवारी शरीफ थाना में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे प्रकरण के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।