Today Hind Times

post

पीर आयतुल्लाह कादरी से दुआ लेने के बाद तेजस्वी यादव ने की चादरपोशी

पटना/फुलवारीशरीफ (टीएचटी)। फुलवारीशरीफ स्थित खानकाह मुजीबिया के सालाना उर्स के मौके पर राष्ट्रीय जनता दल के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने हजरत पीर मुजीबुल्लाह कादरी रहमतुल्लाह अलैह के मजार पर चादरपोशी की। उन्होंने बिहार और देश की तरक्की, अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
चादरपोशी से पहले तेजस्वी यादव ने खानकाह मुजीबिया के सज्जादानशीं पीर आयतुल्लाह कादरी से मुलाकात कर उनसे दुआ ली। इस दौरान राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका साफा और टोपी पहनाकर तथा बुके भेंट कर स्वागत किया।
चादरपोशी के बाद तेजस्वी यादव ने कहा कि उनके पिता लालू प्रसाद यादव का फुलवारीशरीफ और विशेष रूप से खानकाह मुजीबिया से गहरा लगाव रहा है। वह ईद, बकरीद और उर्स के अवसर पर यहां आते रहे हैं और उन्हें यहां के लोगों तथा पीर साहब का स्नेह और दुआ मिलती रही है।
तेजस्वी ने कहा कि वह भी अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए फुलवारीशरीफ और खानकाह मुजीबिया आते रहेंगे। यहां के लोगों, पीर साहब और मिनहाज साहब से मिले प्यार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें यहां अपने घर जैसा एहसास होता है।
उन्होंने कहा कि खानकाहें देश में गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी मोहब्बत और भाईचारे का संदेश देती हैं। ऐसे समय में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे के माहौल को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से बेहतर सामाजिक माहौल के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।
चादरपोशी के दौरान खानकाह मुजीबिया के मिनहाजुद्दीन कादरी के अलावा अब्दुल बारी सिद्दीकी, डॉ. तनवीर हसन, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, विधान पार्षद कारी मोहम्मद सौहैब, शक्ति सिंह यादव, एजाज अहमद, डॉ. मोहिबुल हसन हीरा, डॉ. अनवर आलम, दीनानाथ नाथ यादव, कौशर खान, फारूक आजम ललन, मो. आसिफ लड्डू, भाई आरिफ, मो. आसिफ, सलाहुद्दीन मंसूरी, मंसूर अंसारी, छोटे खान, ई. शहनवाज, ई. आफताब आलम, मो. गोल्डन, सैयद खालिद नसीरुद्दीन, दिनेश पासवान, मो. इकबाल और मो. मोहसिन समेत बड़ी संख्या में जायरीन और अकीदतमंद मौजूद रहे।

खबर : आशीष की।