फुलवारीशरीफ में निगरानी का ट्रैप, 45 हजार रुपये घूस लेते राजस्व कर्मचारी और दलाल गिरफ्तार
शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने पंचायत भवन में बिछाया जाल, रंगेहाथ हुई गिरफ्तारी
पटना (टीएचटी)l फुलवारीशरीफ अंचल में गुरुवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी और उसके कथित सहयोगी गुडू को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर जमीन संबंधी जांच रिपोर्ट तैयार करने के एवज में घूस मांगने का आरोप है।
निगरानी अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता प्रवीण कुमार सुमन ने अपनी जमीन के समीप हुए कथित अतिक्रमण की जांच के लिए जिला प्रशासन से गुहार लगाई थी। मामला जांच के लिए संबंधित अंचल कार्यालय भेजा गया, जहां राजस्व कर्मचारी राणा गोपाल को जांच का दायित्व सौंपा गया।
आरोप है कि जांच के दौरान राणा गोपाल ने अपने सहयोगी गुड्डू के माध्यम से शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता को कहा गया कि रकम मिलने के बाद ही रिपोर्ट उसके पक्ष में तैयार की जाएगी और आगे की कार्रवाई में सहयोग किया जाएगा।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रवीण कुमार सुमन ने 1 जून को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत गुरुवार को मैनपुर अंडा स्थित पंचायत भवन परिसर में जाल बिछाया गया। शिकायतकर्ता द्वारा जैसे ही रिश्वत की राशि सौंपी गई, निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फुलवारीशरीफ हल्का 1 के राजस्व कर्मचारी राणा रणविजय गोपाल को 35 हजार रुपये तथा उसके सहयोगी गुड्डू को 10 हजार रुपये के साथ दबोच लिया।
निगरानी डीएसपी रिशिता स्नेह ने बताया कि दोनों आरोपितो को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए निगरानी कार्यालय लाया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।