Today Hind Times

जमुई में नाबालिग छात्रा से सड़क पर छेड़खानी, तीन आरोपी पकड़े गए
www.todayhindtimes.com 21 Sep 71 views क्राइम

जमुई में नाबालिग छात्रा से सड़क पर छेड़खानी, तीन आरोपी पकड़े गए

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय, पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज, दो अन्य आरोपियों की तलाश

जमुई/पटना (टीएचटी)। बिहार के जमुई में 10वीं कक्षा की एक छात्रा के साथ सड़क पर छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। छात्रा को उसके एक सहपाठी के साथ रास्ते में रोककर युवकों ने कथित तौर पर परेशान किया। आरोप है कि छात्रा को गलत नीयत से उठाकर ले जाने की कोशिश भी की गई। पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया।

वीडियो में छात्रा को कई युवकों के बीच घिरा हुआ देखा जा सकता है। कुछ युवक उसके साथ छेड़खानी करते और उसे खींचते दिखाई दे रहे हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। एक छात्रा के साथ सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की हरकत का वीडियो सामने आने से लोगों में भी नाराजगी है। हालांकि, नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाला वीडियो या उसका चेहरा प्रसारित करना उचित नहीं है।

करीब 20 मिनट तक छात्रा को परेशान करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, छात्रा और उसका सहपाठी दोनों 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार को कोचिंग के बाद दोनों स्कूटी से मड़वा पहाड़ की ओर गए थे। लौटने के दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। इसके बाद छात्रा से नाम और पता पूछने के साथ उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

वीडियो में छात्रा को युवकों से घिरा देखा जा सकता है। इस दौरान उसका सहपाठी उससे अलग दिखाई देता है। कुछ लोग बीच-बचाव करते भी नजर आते हैं। आरोप है कि इसके बावजूद कुछ युवकों ने छात्रा को दोबारा घेर लिया और उसके साथ छेड़खानी की। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

तीन नाबालिग पकड़े गए, दो अन्य की तलाश

वीडियो वायरल होने के बाद जमुई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। जमुई एसपी विश्वजीत दयाल के अनुसार, पीड़ित पक्ष से संपर्क कर छात्रा के आवेदन पर नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एडीजी विधि-व्यवस्था केएस अनुपम ने बताया कि मामले में तीन नाबालिगों को पकड़ा गया है। उनकी उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच बताई गई है। दो अन्य युवकों की पहचान भी पुलिस ने की है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच कराई जा रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे आपत्तिजनक वीडियो को हटाने की कार्रवाई भी शुरू की है। वीडियो को दोबारा प्रसारित करने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करने या आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित करने वालों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।